Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

उफान पर झिलिया नदी, डायवर्सन क्षतिग्रस्त होने से यातायात पूरी तरह से ठप

7/21/2026 2:54:46 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 
Dhanbad : कुमारधुबी में बन रहे झिलिया पुल रात से खतरे में है। लगातार  बारिश के कारण झिलिया नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से झिलिया पुल निर्माण स्थल के पास बनाया गया अस्थायी डायवर्सन तेज बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सुबह से ही दोनों ओर वाहनों का आवागमन ठप हो गया। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को मजबूरी में वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ा, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हुई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या मौके पर पहुंचे। लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए डायवर्सन को अधिक मजबूत बनाया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य की धीमी गति और लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त डायवर्सन की तत्काल मरम्मत कराने तथा सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक झिलिया पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक मजबूत और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।इस घटना ने एक बार फिर झिलिया पुल निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और बरसात के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
 वही वैकल्पिक मार्क क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर शिवलीबाड़ी पूर्वी पंचायत के मुखिया तनवीर आलम घटनास्थल पहुंचे पूरे मामले की जानकारी ली और संवेदक को यथाशीघ्र वैकल्पिक मार्ग ठीक करने का आग्रह किया ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क