Date: 07/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गंडा समाज को अधिकारों के प्रति जागरूक करने की पहल, झारखंड में SC दर्जे की मांग
 

9/7/2026 12:17:21 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : गंडा समाज के लोगों को उनके अधिकारों और सामाजिक पहचान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राज क्लब गंडा समाज के अध्यक्ष नरेश कुमार टांडिया के नेतृत्व में एक होटल में आयोजित हुआ। इसमें पश्चिम ओडिशा ओडिया एसोसिएशन का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेश कुमार टांडिया ने कहा कि गंडा समाज झारखंड में करीब 120 वर्षों से निवास कर रहा है। समाज लंबे समय से अपने अधिकारों और सामाजिक पहचान के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में गंडा समुदाय को अनुसूचित जाति की श्रेणी में रखा गया है, जबकि झारखंड में अब तक यह दर्जा नहीं मिला है। टांडिया के अनुसार, अनुसूचित जाति का दर्जा नहीं मिलने के कारण समाज के बच्चों की शिक्षा और युवाओं के रोजगार से जुड़े अवसरों में कई तरह की चुनौतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने के लिए अब झारखंड के सभी जिलों में अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को उनके हक, अधिकार और संगठन की ताकत के बारे में जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में ओडिशा से पहुंचे पद्मश्री सम्मानित डॉ. जीतेन्द्र हरिपाल भी मौजूद रहे। उन्होंने गंडा समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संगठन और निरंतर प्रयासों के जरिए समाज अपने अधिकारों और पहचान की लड़ाई को मजबूत कर सकता है। कार्यक्रम में समाज के कई सदस्य, युवा और महिलाएं शामिल हुए। सभी ने गंडा समाज को झारखंड में अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने और सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।
 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट