Date: 26/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुंगेर में श्रावणी मेला की तैयारी अंतिम चरण में, डीएम ने किया कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण

7/25/2026 1:14:46 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
मुंगेर - मुंगेर में आगामी श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कल कच्ची कांवरिया पथ के प्रारंभिक बिंदु कमराय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को 28 जुलाई तक सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने पैदल मार्ग, विश्राम स्थल, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा कांवरिया श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीएम ने बताया कि इस वर्ष कमराय स्थित प्राकृतिक गुफा कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। इसके सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य करते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट