Date: 07/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सरायकेला-खरसावां: जोनल कमांडर रवि सिंह सरदार समेत 3 नक्सली गिरफ्तार, AKM-47 और भारी मात्रा में हथियार बरामद

8/6/2026 5:20:22 PM IST

30
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ (CRPF), 203 कोबरा (CoBRA) बटालियन और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाकपा (माओवादी) संगठन के कुख्यात जोनल कमांडर रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार समेत तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों में पश्चिम बंगाल-झारखंड-ओडिशा रीजनल कमेटी का सक्रिय सदस्य मदन महतो तथा रवि सिंह सरदार की पत्नी मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया भी शामिल हैं।

गुप्त सूचना पर दो चरणों में चला अभियान

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सरायकेला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चांडिल थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर (टीलाडीह) में माओवादी संगठन के सदस्य किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्र हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया। अभियान के पहले चरण में सुरक्षा बलों ने एक लोडेड AKM-47 रायफल के साथ रवि सिंह सरदार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उससे मिली गुप्त जानकारी और पूछताछ के आधार पर चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा में दूसरे चरण का छापेमारी अभियान चलाया गया, जहां से मदन महतो और मीना पहाड़िया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

गिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर दलमा पहाड़ एवं आसपास के ठिकानों से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में शामिल हैं—

  • 01 लोडेड AKM-47 रायफल एवं 02 मैगजीन

  • 01 इंसास (INSAS) रायफल (चांडिल क्षेत्र में पुलिस बल से लूटी गई) एवं 01 मैगजीन

  • 01 पिस्टल (9 एमएम)

  • 500 से अधिक जिंदा कारतूस, जिनमें AKM-47 के 361 राउंड (7.62 एमएम), 9 एमएम के 42 राउंड तथा इंसास रायफल के 208 राउंड शामिल हैं।

  • IED एवं विस्फोट में प्रयुक्त होने वाले 02 बंडल कोडेक्स वायर

  • 01 मोटोरोला वॉकी-टॉकी, पुलिस बेल्ट, टॉर्च, छाता तथा 01 पल्सर मोटरसाइकिल

सारंडा और कुकड़ू की घटनाओं में थे शामिल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद 203 कोबरा बटालियन के कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली पिछले कई वर्षों से कोल्हान, सारंडा और सिंहभूम क्षेत्र में सक्रिय थे। वे सुरक्षा बलों पर हमले, कुकड़ू में पुलिसकर्मियों की हत्या कर हथियार लूटने, आईईडी (IED) विस्फोट करने तथा निर्दोष ग्रामीणों की हत्या जैसी कई गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं। कमांडेंट ने सरायकेला एसपी के नेतृत्व में चलाए गए इस संयुक्त अभियान की सराहना करते हुए इसे नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता बताया। पुलिस प्रशासन के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ जारी है। साथ ही क्षेत्र में छिपे अन्य उग्रवादियों और असामाजिक तत्वों की तलाश में सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।

 

जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा  की रिपोर्ट