Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बाघमारा में बड़ा भू-धसान, कई मकान जमींदोज, लोगों ने बीसीसीएल पर लगाया ब्लास्टिंग का आरोप

8/7/2026 6:41:20 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
बाघमारा: धनबाद के बाघमारा स्थित कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड के समीप शुक्रवार को भू-धसान की बड़ी घटना हुई। अचानक जमीन धंसने से कई मकान जमींदोज हो गए, जबकि एक दो मंजिला मकान भी देखते ही देखते जमीन में समा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मलबे और धंसे हुए घरों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खदान में ब्लास्टिंग के कुछ देर बाद इलाके में तेज कंपन महसूस हुआ, जिसके बाद जमीन फटने लगी और कई मकान धंस गए। घटना के बाद लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल द्वारा लगातार की जा रही भारी ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन के कारण यह हादसा हुआ है। घटना के बाद लोगों में बीसीसीएल और जिला प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। प्रभावित परिवारों ने पुनर्वास, उचित मुआवजा और क्षेत्र में सुरक्षित खनन सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
 
कोयलांचल लाइव के लिए बाघमारा से काशीनाथ की रिपोर्ट