Date: 08/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनके सपनों का झारखंड बनाएंगे

8/8/2026 5:15:56 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जमशेदपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज हेलीकॉप्टर से सीधे जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पहुंचे। यहां शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस के मौके पर उन्होंने कदमा स्थित उलियान में शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। झारखंड आंदोलन के महान नायक शहीद निर्मल महतो का आज 39वां शहादत दिवस है। 8 अगस्त 1987 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के पास उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी शहादत ने अलग झारखंड राज्य की मांग को और मजबूती प्रदान की थी। माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड आंदोलन को नई दिशा दी। उनकी कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनकी जगह कभी कोई नहीं ले सकता। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और झारखंडवासियों से अपील की कि शहीद निर्मल महतो के सपनों को साकार करने के लिए सभी मिलकर काम करें। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रहे विकास कार्यों और जनता के हित में संचालित योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के महान सेनानियों के आदर्शों पर चलते हुए उनकी सरकार हर वर्ग के लोगों के हक और सम्मान की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है और यहां के महान आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।

 

 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट