Date: 08/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

आरा के जीरो माइल में जलजमाव से मिलेगी स्थायी राहत, ड्रेनेज और क्रॉस ड्रेन का काम तेज

8/8/2026 5:15:56 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

आरा : शहर के जीरो माइल क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी, भोजपुर, तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। जीरो माइल क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए तीन अलग-अलग विभागों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पथ निर्माण विभाग (RCD) की ओर से ड्रेनेज का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BUIDCO) द्वारा स्टॉर्म ड्रेनेज का कार्य कराया जा रहा है। वहीं, दोनों ड्रेनेज व्यवस्थाओं को आपस में जोड़ने के लिए आवश्यक क्रॉस ड्रेन का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य इन सभी परियोजनाओं को आपस में जोड़कर जीरो माइल और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की प्रभावी एवं समन्वित व्यवस्था विकसित करना है। इससे बारिश के दौरान पानी जमा होने की समस्या को नियंत्रित करने के साथ लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी से भी राहत मिलने की उम्मीद है। क्रॉस ड्रेन का एक हिस्सा पूरा, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे क्रॉस ड्रेन के एक हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष हिस्से में भी कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि जीरो माइल क्षेत्र में जल निकासी से जुड़ी सभी योजनाओं को एक-दूसरे के साथ समन्वित करते हुए पूरा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल तत्काल जलजमाव से निजात दिलाना नहीं, बल्कि क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक और स्थायी जल निकासी व्यवस्था तैयार करना है। परियोजना पूरी होने के बाद बारिश के दौरान जीरो माइल क्षेत्र में जलजमाव की समस्या में कमी आने की उम्मीद है। इससे सड़क पर आवागमन सुगम होने के साथ आसपास के लोगों को भी राहत मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं की प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

 

 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आसुतोष पांडेय की रिपोर्ट