Date: 28/06/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर किया सड़क जाम

6/27/2026 4:22:02 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। पूरबसराय थाना के सामने स्थित गली में देर रात एक युवक घायल अवस्था में मिला, जिसकी इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पर वहीं इस घटना कि जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे कि मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने शव पर सड़क पे रखकर सड़क जाम कर दिया और रोड पर टायर जलाकर विरोध जताया बाद मे पुलिस प्रशासन के समझाने बुझाने के बाद लोगों ने जाम को हटाया। मुंगेर मे देर रात पूरबसराय थाना के सामने स्थित एक गली में स्थानीय लोगों ने एक युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। युवक के सिर पर गहरा जख्म था, जबकि उसका एक हाथ भी टूटा हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उसे तत्काल इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की पहचान दिलावरपुर निवासी 30 वर्षीय हसरत अली उर्फ टीपू के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार टीपू रात करीब आठ बजे बाइक से घर से निकला था। इसके बाद वह कैसे घायल हुआ, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि या तो वह किसी हादसे का शिकार हुआ या फिर किसी ने उसकी हत्या कर शव को वहां फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान ही टीपू की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों और बड़ी मां को छोड़ गया है। बताया जाता है कि टीपू कपड़े का व्यवसाय करता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर बिंदु पर जांच शुरू कर दी है। वावजूद इसके आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने मिलकर शव को बीच सड़क पे रखकर सड़क को जाम कर दिया और रोड पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया फिर बाद मे पुलिस प्रशासन के समझाने बुझाने के बाद लोगों ने जाम को हटाया।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट