Date: 14/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

IG पद को लेकर डॉ. प्रेम कुमार का बड़ा बयान, बोले- मगध के लिए जरूरी है मजबूत पुलिस व्यवस्था

8/13/2026 5:34:37 PM IST

42
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

गया : गया के सर्किट हाउस में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मगध रेंज में आईजी के पद को समाप्त किए जाने की चर्चा पर अपनी स्पष्ट राय रखी। उन्होंने कहा कि बिहार के नौ प्रमंडलों में मगध का अपना विशेष महत्व है। ऐसे में यहां आईजी का पद बने रहना जरूरी है। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यटन की दृष्टि से पूरे विश्व में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी और मां मंगला गौरी जैसे प्रमुख आस्था केंद्र हैं। वहीं, बोधगया में भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली होने के कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। बढ़ती आबादी और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में मजबूत पुलिस व्यवस्था की आवश्यकता है। उन्होंने मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के कार्यों की भी सराहना की। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विकास वैभव के कुशल नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था बेहतर ढंग से काम कर रही है। वे लगातार जनसंवाद कर रहे हैं और शिकायत मिलने पर पुलिसकर्मियों सहित अन्य मामलों में कार्रवाई भी कर रहे हैं। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि उन्हें आईजी के पद को हटाए जाने के संबंध में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि आम जनता भी चाहती है कि मगध रेंज में आईजी का पद बना रहे। वे सरकार से भी इस पद को बनाए रखने की मांग करेंगे और इस विषय पर मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मगध जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र के लिए आईजी का पद आवश्यक है, ताकि आम लोगों को बेहतर पुलिस व्यवस्था, सुरक्षा और शांति मिल सके।

 

 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट