Date: 23/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

झरिया में फिर भू-धंसान से मचा हड़कंप, दर्जनों घरों में पड़ीं दरारें; ब्लास्टिंग के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग

8/23/2026 1:00:13 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

धनबाद : झरिया में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बस्ताकोला एरिया-9 के अंतर्गत भगतडीह स्थित पुराने आरएसपी कॉलेज के पीछे कामिनी कल्याण क्षेत्र में शनिवार को अचानक जमीन खिसकने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद इलाके के कई घरों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। दहशत में आए परिवार घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में हो रही हैवी ब्लास्टिंग के कारण जमीन कमजोर हो रही है। उनका कहना है कि लगातार हो रहे कंपन की वजह से मकानों की दीवारों और फर्श में दरारें पड़ रही हैं। कल कामिनी कल्याण क्षेत्र में अचानक तेज आवाज के साथ जमीन खिसकने लगी। देखते ही देखते कई मकानों की दीवारों और फर्श में दरारें दिखाई देने लगीं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। भू-धंसान से प्रभावित मकानों में बिजय रवानी, रमेश रवानी, भोला रवानी, आशीष रवानी, गोबिंद सिंह, बिजय सिंह, बलराम रवानी, निरंजन रवानी, मानिक चंद रवानी और अजित रवानी समेत कई लोगों के घर शामिल हैं।

2017 की घटना की याद हुई ताजा

इस घटना ने स्थानीय लोगों को वर्ष 2017 की भू-धंसान की घटना की याद दिला दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, उस समय ट्रेंच कटिंग और संभावित खतरे को देखते हुए आरएसपी कॉलेज परिसर को खाली कराया गया था। अब उसी इलाके में दोबारा जमीन खिसकने से लोगों की पुरानी आशंकाएं फिर गहरा गई हैं। घटना से आक्रोशित रैयतों और प्रभावित परिवारों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने क्षेत्र में हो रही ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

BCCL ने शुरू की प्रभावित परिवारों को शिफ्ट करने की तैयारी

घटना की सूचना मिलने के बाद बस्ताकोला एरिया के महाप्रबंधक एसके गायकवाड़ और धनबाद के मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। बस्ताकोला एरिया प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन मकानों में गंभीर दरारें आई हैं या जिनके क्षतिग्रस्त होने का खतरा अधिक है, वहां रहने वाले परिवारों को आसपास के खाली बीसीसीएल क्वार्टरों में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है। प्रबंधन ने प्रभावित लोगों से जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है, ताकि नियमानुसार उन्हें राहत और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, ब्लास्टिंग पर मेयर का सख्त रुख

घटनास्थल पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह ने बताया कि भू-धंसान के कारण इलाके की कुछ पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई है। निरीक्षण के बाद क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत कराने की बात कही गई है। वहीं, क्षेत्र में हो रही ब्लास्टिंग को लेकर मेयर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यदि लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद ब्लास्टिंग पर रोक नहीं लगाई गई, तो बस्ताकोला एरिया के राजापुर प्रोजेक्ट को बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और बीसीसीएल की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, पूरे प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कोयलांचल लाइव डेस्क