Date: 02/09/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पाथरडीह कोल वाशरी में हादसे के बाद बवाल, घायल मजदूर की मौत से भड़का गुस्सा

9/1/2026 4:48:58 PM IST

204
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jharia :पाथरडीह कोल वाशरी में निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर दिलीप यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही वाशरी में कार्यरत मजदूरों और मृतक के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने वाशरी गेट जाम कर मुआवजे और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप में कार्रवाई की मांग की। दरअसल, पाथरडीह कोल वाशरी में नई वाशरी के निर्माण का कार्य मेसर्स एसीबीआईएल के अधीन कराया जा रहा है। इसी दौरान स्ट्रक्चर निर्माण कार्य में कथित तौर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बीच वेल्डिंग मशीन फटने से हादसा हुआ था। घटना में मेसर्स आरके कंस्ट्रक्शन के मजदूर दिलीप यादव और बद्री रवानी गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों घायलों को इलाज के लिए बोकारो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दिलीप यादव की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मजदूरों और ग्रामीणों ने वाशरी के मुख्य गेट को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा था। लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
 वहीं, पूरे मामले में बीसीसीएल के परियोजना पदाधिकारी और एसीबीआईएल के अधिकारियों से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले में कुछ भी बोलने से परहेज किया। फिलहाल गेट जाम होने से वाशरी का काम प्रभावित है और मजदूरों एवं ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।
 
झरिया से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् पांडेय की रिपोर्ट