Date: 04/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

यूपी से जमशेदपुर पहुंचे दो संदिग्ध शूटर गिरफ्तार, लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ पुलिस ने दबोचा 

9/3/2026 5:08:15 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कथित तैयारी कर रहे दो संदिग्ध अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई मानगो बस स्टैंड के पास की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों संदिग्ध उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर के रहने वाले हैं और हथियार के साथ जमशेदपुर पहुंचे थे। पुलिस ने दोनों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह, उम्र 38 वर्ष और अभिनय यादव, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों संदिग्धों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने के बाद उन्हें मानगो बस स्टैंड के पास से हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से शहर पहुंचे थे।इस मामले में सीतारामडेरा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।इस मामले में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इन्होने यह भी बताया की पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों जमशेदपुर क्यों आए थे, उनके पास हथियार कहां से आया और शहर में उनके किसी अन्य अपराधी या गिरोह से संपर्क तो नहीं था। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि उनके संपर्क और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट