Date: 06/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सड़क नहीं, तो खटिया ही सहारा! बीमार मरीज को पगडंडी से ले जाने को मजबूर ग्रामीण
 

9/6/2026 4:22:46 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद: सदर प्रखंड के लरसा पंचायत स्थित चालीसा गांव का खोनी टोला आज भी पक्की सड़क की बाट जोह रहा है। करीब 40 घरों की आबादी वाले इस टोले तक आजादी के दशकों बाद भी सड़क नहीं पहुंच सकी है। टोले तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को करीब 800 मीटर लंबी संकरी और पथरीली पगडंडी का सहारा लेना पड़ता है। बरसात में पगडंडी पर पानी और कीचड़ भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होती है। सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस, चारपहिया वाहन या टेंपो तक टोले में नहीं पहुंच पाता। ऐसे में परिजन मरीज को खटिया पर लिटाकर मुख्य सड़क तक ले जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव का असर बच्चों की पढ़ाई, रोजगार और सामाजिक जीवन पर भी पड़ रहा है। आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द खोनी टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग की है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट