Date: 06/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बीसीसीएल सीएमडी ने पाथरडीह कोल वाशरी का किया औचक निरीक्षण, कोयला उत्पादन और ट्रांसपोर्टिंग बढ़ाने पर जोर
 

9/6/2026 4:22:46 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
झरिया: बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने रविवार को लोदना एरिया के अंतर्गत पाथरडीह कोल वाशरी स्थित रेलवे साइडिंग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लोदना एरिया के जीएम समेत बीसीसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने कोयला उत्पादन बढ़ाने और कोयले की ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था को और बेहतर व सुचारू बनाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साइडिंग की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पावर प्लांटों तक जरूरत के मुताबिक कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि कोयला उत्पादन में बढ़ोतरी के साथ-साथ डिस्पैच और ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करना बीसीसीएल की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि पाथरडीह के साथ-साथ सिजुआ एरिया का भी निरीक्षण किया गया है। वहां पावर प्लांटों को कोयले की आपूर्ति बढ़ाने और व्यवस्था को सुचारू बनाने को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पाथरडीह कोल वाशरी की रेलवे साइडिंग से भी पावर प्लांटों को उनकी जरूरत के अनुरूप कोयला उपलब्ध कराने और डिस्पैच व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, साइडिंग और परियोजना से जुड़े अन्य सवालों पर बीसीसीएल सीएमडी स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए।
 
कोयलांचल लाइव के लिए झरिया से शिवम् पांडेय की रिपोर्ट