Date: 15/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनसार थाना के बगल फर्नीचर दुकान में चोरी, छत तोड़कर घुसे चोर, नकदी समेत लाखों का सामान ले गए....
 

9/15/2026 2:18:08 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनसार थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित विश्वकर्मा फर्नीचर दुकान में सोमवार की देर रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने के साथ ही करकट की छत को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दुकान में आग लगाने की भी बात सामने आई है। घटना में करीब 22 हजार रुपए नकद और मशीन समेत लगभग दो लाख रुपए के सामान चोरी होने की बात दुकान मालिक ने कही है।
दुकान मालिक राम बाबू शर्मा ने बताया कि रात में दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि दुकान की करकट की छत टूटी हुई थी और अंदर आग लगी थी। आग बुझाने के बाद दुकान की जांच की गई तो सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान में रखे 22 हजार रुपए नकद और करीब दो लाख रुपए की मशीन व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। कुछ मशीनों को आग से नुकसान भी पहुंचा है। घटना की जानकारी सुबह धनसार पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान और घटना के तरीके की जांच कर रही है।
थाना के ठीक बगल हुई चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि थाना से इतनी कम दूरी पर वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने जल्द चोरों को पकड़ने का भरोसा दिया है।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक की रिपोर्ट