Date: 01/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 मिड डे मील बनाते समय स्कूल में गैस सिलेंडर में लगी आग, बड़ा हादसा टला

7/31/2026 5:54:23 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :- धनबाद के बलियापुर प्रखंड स्थित नया प्राथमिक विद्यालय हरिबोल थान (मुकुंदा) में आज मिड डे मील तैयार करने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर से तेज लपटें उठने लगीं और पूरे विद्यालय में अफरातफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार के बीच प्रधानाध्यापक, पंचायत समिति सदस्य और ग्रामीणों की सूझबूझ से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जलते सिलेंडर को विद्यालय परिसर से बाहर कर आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हरिबोल थान स्थित नया प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही विद्यालय परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बच्चे डरकर कक्षाओं से बाहर निकलने लगे। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रधानाध्यापक गिरधारी महतो ने तत्काल सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। इसी बीच मुकुंदा पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए डंडे की सहायता से जलते गैस सिलेंडर को विद्यालय परिसर से बाहर कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी, बालू और भीगे हुए बोरे की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। एहतियात के तौर पर बिना मध्याह्न भोजन कराए ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई। हीरालाल मोदक ने कहा कि जैसे ही सूचना मिली, मैं तुरंत विद्यालय पहुंचा। वहां देखा कि एमडीएम बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगी हुई थी और बच्चे डरे हुए थे। सबसे पहले सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद जलते सिलेंडर को बाहर कर ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई गई। यह सिलेंडर आज ही मंगाया गया था। आग लगने के कारणों की जांच होनी चाहिए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। विद्यालय में समय रहते आग पर काबू पा लेने से सभी बच्चों की जान सुरक्षित बच गई। हालांकि इस घटना ने स्कूलों में गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क