Date: 17/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

कोईलवर अस्पताल में बिजली गुल, मोबाइल की रोशनी में मरीजों का इलाज, स्थिति चिंताजनक !

9/16/2026 2:38:01 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara :  बिहार सरकार लगातार सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेहतर इलाज का दावा कर रही है, लेकिन भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड स्थित अस्पताल की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। यहां बिजली की व्यवस्था बाधित होने से मरीज गर्मी में बेहाल दिखे, वहीं मोबाइल फोन की रोशनी में मरीजों को टांके लगाए जाने की बात सामने आई है। भोजपुर के कोईलवर प्रखंड स्थित अस्पताल में कथित तौर पर अव्यवस्था का मामला सामने आया है। अस्पताल में बिजली के अभाव में मरीज और उनके परिजन परेशान नजर आए। गर्मी से राहत नहीं मिलने के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि बिजली नहीं रहने के दौरान अस्पताल में मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट के सहारे मरीजों का इलाज किया गया। यहां तक कि मरीजों को टांके लगाने जैसी चिकित्सा प्रक्रिया भी मोबाइल की रोशनी में किए जाने की बात कही जा रही है। अस्पताल की इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन कोईलवर अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कमी गंभीर सवाल खड़े करती है।
अब देखना होगा कि इस मामले पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और अस्पताल में बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को कब तक दुरुस्त किया जाता है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव क़े लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट