Date: 24/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 मगध में CISF की बड़ी कार्रवाई, फुलवरिया साइडिंग के पीछे 275 टन अवैध कोयला बरामद, बरामद कोयले की अनुमानित कीमत ₹3.46 लाख बताई जा रही है ....

9/23/2026 7:17:24 PM IST

68
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Chatra : टंडवा:सीसीएल के मगध-आम्रपाली क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध सीआईएसएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को सीआईएसएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर फुलवरिया रेलवे साइडिंग के पीछे कोयला रेड कर कुल 275 टन अवैध रूप से एकत्रित कोयला बरामद किया। ₹1,260 प्रति टन की दर से बरामद कोयले का अनुमानित मूल्य ₹3,46,500 (तीन लाख छियालीस हजार पांच सौ रुपये) है।सीआईएसएफ इकाई एनके एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम को मगध-आम्रपाली क्षेत्र में भेजा गया था। टीम ने फुलवरिया रेलवे साइडिंग एवं आसपास के क्षेत्रों की जांच के दौरान साइडिंग के पीछे एक स्थान पर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से कोयला जमा किए जाने का पता लगाया।इसके बाद उप कमांडेंट अजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में सीसीएल मगध-आम्रपाली प्रबंधन से समन्वय स्थापित किया गया। सीआईएसएफ टीम द्वारा संबंधित स्थल पर कोयला रेड कर 275 टन कोयला बरामद किया गया। सीसीएल प्रबंधन के सहयोग एवं उपलब्ध कराए गए संसाधनों के माध्यम से बरामद कोयले को अवैध स्थल से हटाकर फुलवरिया साइडिंग स्थित वे-ब्रिज पर वजन कराया गया, जहां इसका कुल वजन 275 टन पाया गया। इसके बाद कोयले को आवश्यक प्रक्रिया के तहत सीसीएल मगध प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला संग्रहित किए जाने की अन्य संभावित गतिविधियों की जांच के लिए सीआईएसएफ द्वारा ड्रोन के माध्यम से भी आसपास के कोयला क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। ड्रोन निगरानी के दौरान विभिन्न संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों की जांच की गई।इसी अभियान के क्रम में सहायक कमांडेंट हर्ष लावण्या सहायक कमांडेंट सुभाष तथा मगध-आम्रपाली क्षेत्र के अधिकारियों के नेतृत्व में सीआईएसएफ की अलग-अलग टीमों द्वारा परियोजना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी जांच एवं छापेमारी की गई।कार्रवाई में निरीक्षक पंकज झा, निरीक्षक सुमन तिवारी, निरीक्षक एस. एन. व्यास, उपनिरीक्षक अनिल कुमार राय, राजेश कुमार, रजिया सुल्ताना, संध्या, संघमित्रा, रिंकू गौतम, सोनी सिन्हा सहित सीआईएसएफ के अन्य बल सदस्य शामिल रहे।
सीआईएसएफ के अनुसार, बरामद अवैध कोयले के संबंध में बरियातू, लातेहार पुलिस को सूचना दी गई है, ताकि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सकेसीआईएसएफ इकाई एनके एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि अवैध कोयला खनन, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध कोयला गतिविधियों की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ द्वारा सीसीएल प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन/पुलिस के समन्वय से आगे भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
 
चतरा से  कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन की रिपोर्ट