Date: 24/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

औरंगाबाद में CSP संचालक को गोली मारकर 3 लाख की लूट, लैपटॉप और सामान लेकर फरार हुए अपराधी....

9/24/2026 5:07:54 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aurangabad : औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस अपराधियों ने बैंक ऑफ़ बड़ौदा के सीएसपी (CSP) संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनके पास से करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घायल संचालक की पहचान पििरौटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई ह। बताया जाता है,प्रदीप कुमार कुरुहमा गांव में बैंक ऑफ़ बड़ौदा का सीएसपी संचालित करते हैं।  अपने घर से सीएसपी खोलने के लिए कुरुहमा जा रहे थे। इसी दौरान बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी।अपराधियों ने रोकने के बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, और इसी बीच एक अन्य अपराधी भी मौके पर पहुंच गया। अपराधियों ने हथियार के बल पर रुपये छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर एक अपराधी ने प्रदीप कुमार की जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी उनके पास रखे करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूटकर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद घायल प्रदीप कुमार ने किसी तरह आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
 
औरंगाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए रुपेश कुमार की रिपोर्ट