Date: 24/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 
दिल्ली गैंगरेप के बाद छात्राओं में दहशत, बोलीं- कॉलेज से बाहर निकलते ही लगता है डर ! कॉलेज के बाहर छात्राओं का प्रदर्शन, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग....

9/24/2026 11:55:30 AM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
New Delhi : लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन की छात्राओं ने कैंपस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कॉलेज के पिछले गेट, बस स्टैंड, पार्कों और मेट्रो स्टेशन के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज के बाहर निकलने के बाद उन्हें असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। छात्राओं के मुताबिक, पिछले गेट और बस स्टैंड के आसपास कुछ युवक उन्हें घूरते हैं, सीटी बजाते हैं और बाइक से स्टंट कर डराने की कोशिश करते हैं। छात्राओं ने अश्लील इशारे और आपत्तिजनक हरकतों की भी शिकायत की।
 
आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद प्रदर्शन
कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में हुई घटना के विरोध में छात्राएं कॉलेज के बाहर जुटीं। प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के सदस्यों के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय के अन्य कॉलेजों की छात्राओं ने भी हिस्सा लिया।
दोपहर बाद छात्राओं के जुटने का सिलसिला शुरू हुआ और शाम को बड़ी संख्या में छात्राओं ने एकजुट होकर नजदीकी पिंक बूथ तक मार्च किया। इस दौरान 'नारी मुक्ति जिंदाबाद', 'तानाशाही नहीं चलेगी' और 'हमें चाहिए आजादी' जैसे नारे लगाए गए।
छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उन्होंने पिछले गेट, आसपास के पार्कों और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और नियमित गश्त की मांग उठाई।
 
 कॉलेज प्रशासन ने पुलिस से की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
कॉलेज की प्राचार्या कनिका के आहूजा ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी, एसीपी और एसएचओ के साथ बैठक की गई है। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
कॉलेज प्रशासन ने अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन को पत्र देकर कॉलेज के आसपास की गलियों, विशेष रूप से पिछले गेट और नजदीकी पार्कों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का अनुरोध किया है। प्राचार्या ने छात्राओं से कहा है कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे खुलकर शिकायत करें। कॉलेज की फैकल्टी और काउंसलर उनकी मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे।
 
 दो दिन ऑनलाइन चलीं कक्षाएं
आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए कॉलेज में मंगलवार और बुधवार को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की गई थीं। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्टूडेंट यूनियन ने भी बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और कॉलेज के आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं और गुरुवार से ऑफलाइन कक्षाएं दोबारा शुरू होंगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क