Date: 26/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमीन से निकला धुआं, पुराने खनन स्थल को लेकर लोगों में दहशत, BCCL अधिकारियो ने मौके पर पहुचकर स्थिति का लिया जायजा .....

9/25/2026 4:21:26 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र के एकड़ा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक जमीन से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी BCCL को दे दी है, वहीं सूचना के काफी देर बाद बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह से धुआं निकल रहा है, उसके नीचे कभी BCCL की ओर से कोयला निकाला जाता था। बाद में इस स्थल को बालू से भरा जाना था। लेकिन बीसीसीएल की तरफ से बालू की भराई का कार्य नही किया गया। लोगों के मुताबिक, तेज बारिश के बाद जब जमीन में नमी बढ़ती है, तो इस इलाके में जमीन के नीचे से इसी तरह धुआं निकलता है।
हालांकि, अचानक धुआं निकलने के बाद स्थानीय लोगों में आशंका बढ़ गई है। लोगों को डर है कि कहीं एकड़ा में भी टंडावाडी, छाताबाद, सिजुआ और लोयाबाद की मुस्लिम पट्टी जैसी भू-धंसान या आग से जुड़ी घटना न हो जाए।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क