Date: 28/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

SIR को लेकर कांग्रेस का चुनाव आयोग पर हमला, प्रदेश प्रवक्ता ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की,SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल? .....

9/27/2026 4:32:06 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता इकरारुल हसन ने प्रेस कांफ्रेंस कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों और मांगों को सामने रखा।
प्रेस कांफ्रेंस में इकरारुल हसन ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले भी मतदाताओं के वोट चोरी किए जाने का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका सवालों के घेरे में है। कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग के समक्ष अब तक 14 बार आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन इन आपत्तियों पर अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है तो कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब निर्वाचन आयोग को स्वयं देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े सवालों का जवाब भाजपा की ओर से क्यों दिया जा रहा है? भाजपा आखिर चुनाव आयोग की ओर से जवाब देने वाली कौन होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे यह संदेह पैदा होता है कि निर्वाचन आयोग किसी अन्य के निर्देश पर काम कर रहा है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि SIR प्रक्रिया को लेकर पार्टी लगातार अपनी आपत्तियां दर्ज करा रही है। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में नहीं हटना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। 
इकरारुल हसन ने कहा कि कांग्रेस की मुख्य रूप से तीन मांगें हैं। पहली मांग है कि फॉर्म-6 में किए गए कथित अवैध बदलाव को ठीक किया जाए या उसे वापस लिया जाए। दूसरी मांग है कि SIR की प्रक्रिया को तत्काल बंद किया जाए। वहीं तीसरी मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट....