Date: 01/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमीन घोटाले के आरोपी मनीष कुमार चढ़ा पुलिस के हत्थे, 42.80 लाख रुपये की ठगी का है आरोप! 

9/30/2026 9:37:32 PM IST

59
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : फर्जी तरीके से जमीन का सौदा कर लाखों रुपये ठगने और गैरमजरुआ सरकारी जमीन बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। सरायढेला पुलिस ने भुक्तभोगी की तत्परता और 112 डायल पुलिस की मदद से मामले के एक आरोपी मनीष को धर दबोचा है। पीड़ित उमेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में करीब 6,21,000 रुपये प्रति कट्ठा की दर से जमीन का सौदा किया था। इसके एवज में उन्होंने बैंक खाते के जरिए कुल 42,80,000 रुपये का भुगतान किया था। भुगतान के बाद आरोपियों ने स्टाम्प पेपर पर एग्रीमेंट भी निष्पादित कर दिया था, जिसके सभी दस्तावेज पीड़ित के पास सुरक्षित हैं।
 
*सरकारी जमीन निकली, कोर्ट में चल रहा है केस....*
 
सौदा होने के लगभग एक साल बाद भुक्तभोगी को जानकारी मिली कि उन्हें बेची गई जमीन खराब और गैरमजरुआ (सरकारी) है। इसके बाद उन्होंने जमीन पर अपना दावा छोड़ दिया और अपने दिए गए पैसों की वापसी की मांग करने लगे। मामला जब नहीं सुलझा तो पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जहां वर्तमान में केस लंबित है।
 
*पैसा लौटाए बिना दूसरे को बेच दी जमीन...*
 
पीड़ित उमेश कुमार सिंह के अनुसार, जब तक उनके पैसे वापस नहीं मिल जाते, तब तक जमीन पर उनका कब्जा और अधिकार था। आरोपियों ने आश्वासन दिया था कि जब तक पाई-पाई का हिसाब नहीं होगा, तब तक वहां कोई बाउंड्री वाल नहीं की जाएगी। लेकिन आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए वर्ष 2025 में उस जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को फर्जी तरीके से बेच दिया। जब नया खरीदार वहां बाउंड्री कराने पहुंचा, तो पीड़ित ने विरोध जताया।
 
*गिरोह बनाकर मनीष करता रहा फर्जीवाड़ा, अधिकारियों के नाम का खौफ...*
 
भुक्तभोगी ने आरोप लगाया कि राजीव रंजन, प्रभात यादव, प्रशांत, मनीष कुमार उर्फ़ शर्मा और प्रवीण सिन्हा जैसे 5-7 लोगों का एक पूरा गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह फर्जी बिल्डर और फर्जी कंपनियों के नाम पर दफ्तर खोलकर लोगों को ठगने का काम करता है। ये लोग अंचल अधिकारी , अपर समाहर्ता और उपायुक्त से सेटिंग होने का रौब दिखाकर धड़ल्ले से सरकारी जमीनों की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। जब पैसों की मांग की जाती है, तो आरोपी अपनी भागीदारी से मुकर जाते हैं।
 
*112 पर कॉल कर प्लॉट से पकड़वाया आरोपी...*
 
घटना के दिन जब आरोपी जबरन जमीन पर घेराबंदी कराने पहुंचे, तो पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस गाड़ी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया और थाने ले आई। भुक्तभोगी का आरोप है कि पुलिस प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन की तारीख दी जा रही है, लेकिन वे चाहते हैं कि इस भू-माफिया गिरोह पर कड़ा शिकंजा कसा जाए और उनके गाढ़े पसीने की कमाई (42.80 लाख रुपये) वापस दिलाई जाए। फिलहाल सरायढेला पुलिस  इस मामले में गिरफ्तार आरोपी मनीष से पूछताछ कर पी आर बांड पर छोड़ दी है । इधर इस मामले में पुलिस का कहना है की 112 डायल पर सूचना के अनुसार मनीष को थाने लाया गया। पूछताछ में मामला जमीन से जुड़ा निकला और पहले से यह मामला न्यायालय के अधीन है इसलिए पूछताछ कर पी आर बांड पर छोड़ दिया गया है । 
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क