Date: 02/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

किराया देने के बजाए करने लगे दबंगई, जान से मारने की धमकी दी

8/1/2026 6:13:15 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया के डोभी प्रखंड अंतर्गत बजौरा गांव के रहने वाले मुरली मनोहर लाल को जान से मारने की धमकी मिली है. वहीं, लिखित शिकायत डोभी थाने में करने पर डोभी थानाध्यक्ष की मिलीभगत भी उक्त तत्त्वों के साथ होने का आरोप है. मुरली मनोहर लाल ने बताया कि अपनी जमीन किराए पर दी थी. किंतु किराए पर लिए लोग दबंगई दिखाने लगे और किराया देना बंद कर उल्टे धमकाने लगे. लगातार धमकी मिलने के बाद पीड़ित मुरली मनोहर लाल के द्वारा डोभी थाना में इसकी शिकायत 27 जुलाई को की गई, जिसमें बताया गया कि बजौरा स्थित घर के पास कोयला डिपो के लिए जमीन किराया पर दिया है. जमीन किराए पर लेने वाले सुमन कुमार यादव नारायण नगर नौरंगा और धनंजय कुमार और रितिक कुमार यादव ने मेरे घर के रास्ते पर अपनी गाड़ी लाकर खड़ा किया था. मेरे द्वारा कहा गया, कि एलॉटेड एरिया में अपनी गाड़ी लगाएं और एग्रीमेंट के अनुसार 6 महीने से किराया नहीं दिया है, वह भी भुगतान करें. यह बातें बोलने पर उक्त लोगों के द्वारा गाली गलौज किया गया. मैं किसी तरह से अपने घर के अंदर चला आया. इसके बाद दुबारा हथियार से लैस होकर मेरे घर के अंदर घुसे और मारपीट की एवं नगदी छीन लिए. साथ ही जान से मारने की धमकी दी. इस मामले को लेकर जब डोभी थाना में प्राथमिकी के लिए लिखित शिकायत किया, तो थानाध्यक्ष कंपरमाइज करने की बात कहने लगे. साथ ही उनके बर्ताव से यह लग रहा था, कि यदि समझौता नहीं किया, तो एससी-एसटी एक्ट में फसवा देंगे. अपराधिक तत्वों से थानाध्यक्ष की मिलीभगत साफ प्रतीत हो रही थी. मुरली मनोहर लाल बताया कि इस मामले को लेकर आईजी विकास वैभव से गुहार लगाई है. मुरली मनोहर लाल ने धमकी देने वाले उक्त आपराधिक तत्वों और डोभी थानाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत की है. इस मामले में आईजी ने त्वरित रूप से संज्ञान लिया है और डोभी थानाध्यक्ष से इस मामले में 7 दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है. मुरली मनोहर लाल ने बताया कि उन्हें विश्वास है कि आईजी के आदेश के बाद हमें न्याय मिलेगा और धमकी देने वाले आपराधिक तत्व के खिलाफ कार्रवाई होगी. वही, डोभी थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने की भी मांग की है.
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट