Date: 14/10/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जामताड़ा में एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस की आक्रोश रैली, इरफान अंसारी ने की मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग...

10/13/2026 4:21:13 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से जामताड़ा में आक्रोश रैली निकाली गई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में निकली इस रैली में हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया। रैली स्वास्थ्य मंत्री के जामताड़ा स्थित आवास से शुरू होकर इंदिरा चौक, मुख्य बाजार, वीर कुंवर सिंह चौक और सुभाष चौक होते हुए महिला कॉलेज पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
रैली के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली के कारण देश के 13 करोड़ लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। वहीं सिर्फ जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से 40 हजार से ज्यादा नाम वोटर लिस्ट से कटने का अनुमान है,  उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर लोगों के मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। डॉ. इरफान अंसारी ने आशंका जताई कि यदि इस मुद्दे पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची से कट सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका राजनीतिक लाभ भाजपा लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए एसआईआर का विरोध कर रही है और इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मतदाता सूची की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी दोहराई गई।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट।