Date: 17/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने बनाई रणनीति

10/16/2026 2:18:12 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Arah : दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भोजपुर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 15 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी, भोजपुर एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जो  देर शाम तक चली। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूजा पंडालों तथा प्रमुख मार्गों पर सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात नियंत्रण, आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती और संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। समीक्षा बैठक में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करें। पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। भोजपुर पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।  
 
आरा से कोयलांचल लाइव क़े लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट