Date: 26/10/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बारहमुड़ी में आशियाना उजड़ने से घबराये लोगों से मिले विधायक राज सिन्हा, डीसी से बात करने का दिया भरोसा 

10/26/2026 4:41:13 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : बारहमुड़ी में अतिक्रमण की कार्रवाई और आशियाना उजड़ने के डर से सहमे लोगों से मिलने धनबाद विधायक राज सिन्हा पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिया कि वह इस मामले में धनबाद के उपायुक्त से मुलाकात करेंगे। वहीं, इस मुद्दे को लेकर राज सिन्हा ने कांग्रेस और झामुमो पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पहले लोगों के घर उजाड़ रही है और फिर आंदोलन का दिखावा कर रही है। राज सिन्हा ने कहा कि दर्द भी वही देंगे और दवा देने का ड्रामा भी वही करेंगे, यह नहीं चलेगा। बारहमुड़ी में अतिक्रमण की कार्रवाई की आशंका के बीच स्थानीय परिवारों को अपना आशियाना उजड़ने का डर सता रहा है। इसी बीच धनबाद विधायक राज सिन्हा ने इलाके में पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह धनबाद के डीसी से मिलकर इस मामले को उठाएंगे और उनके आशियाने को बचाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान विधायक राज सिन्हा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस-झामुमो गठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में शामिल दलों के नेता एक तरफ कार्रवाई कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आंदोलन करने की बात कहकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने बिहार से सांसद पप्पू यादव को बुलाने और बीजेपी पर आरोप लगाने को भी राजनीतिक दिखावा बताया। वहीं, स्थानीय निवासी सर्जनिया देवी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि एक डीसी ने उन्हें यहां बसाया था, लेकिन आज उन्हें ही उजाड़े जाने का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पास न नौकरी है और न ही कोई कारोबार। ऐसे में अगर उनका घर उजड़ गया, तो वह अपने मवेशियों को लेकर कहां जाएंगी। सर्जनिया देवी ने प्रशासन से उन्हें बारहमुड़ी में ही रहने देने और उनका आशियाना नहीं उजाड़ने की गुहार लगाई। बारहमुड़ी में रहने वाले प्रभावित परिवारों को अब विधायक राज सिन्हा की पहल से राहत की उम्मीद है। विधायक ने डीसी से मुलाकात कर मामले को उठाने का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन परिवारों की समस्या पर क्या कदम उठाता है और उन्हें राहत मिल पाती है या नहीं।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क |