Date: 27/10/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

क्रेडिट कार्ड से ठगी का खेल उजागर, 11 मोबाइल के साथ दो साइबर आरोपी गिरफ्तार...

10/27/2026 11:06:45 AM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Gaya : गया से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गया पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक लैपटॉप चार्जर, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक डेबिट कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को गया पुलिस को सूचना मिली कि खरखुरा डेल्हा इलाके में एक मकान के अंदर क्रेडिट कार्ड से संबंधित साइबर ठगी की जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए मकान पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद दो व्यक्ति भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार, निवासी चितोखर, थाना टिकारी, जिला गया, और दीपक कुमार, निवासी फरिदपुर, थाना कुर्था, जिला अरवल के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और लोन दिलाने के नाम पर लोगों के साथ साइबर ठगी करते थे।पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच में विभिन्न कंपनियों के नाम पर साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें भी सामने आई हैं। इनमें एक शिकायत में एक लाख दो हजार तीन सौ इकहत्तर रुपये और दूसरी शिकायत में 37 हजार 873 रुपये की संदिग्ध राशि का उल्लेख है। अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है। इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 155/26, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है। फिलहाल गया पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर ठगी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट