Date: 11/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दो महीने बाद भी पुनम को इंसाफ का इंतजार! मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सड़क पर उतरा परिवार 

11/11/2026 3:17:35 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में हुए पुनम हत्याकांड को करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन परिजनों को अब तक न्याय का इंतजार है। इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी संतोष रवानी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मृतका के परिजनों ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। दरअसल, करीब दो महीने पहले बलियापुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से जुड़े मामले में पुनम कुमारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने महिला का सिर धड़ से अलग कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी संतोष रवानी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से आक्रोशित परिजनों ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वे थाना से लेकर जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों तक न्याय की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिजनों ने सवाल उठाया कि आखिर दो महीने बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर कैसे है ? धरना-प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने मांग की कि मुख्य आरोपी संतोष रवानी को अविलंब गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्हें न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पुनम हत्याकांड के दो महीने बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में भारी नाराजगी है। अब देखना होगा कि परिजनों के इस धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन कब तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाता है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क |