Date: 11/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनिज लदे ट्रैक्टर जब्त, मचा हड़कंप

11/11/2026 3:17:35 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जामताड़ा : खनन विभाग की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में औचक छापेमारी कर खनिज लदे चार ट्रैक्टरों को जब्त किया है। पकड़े गए वाहनों में दो ट्रैक्टर पत्थर के चिप्स और दो ट्रैक्टर बालू से लदे थे। इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।माइनिंग इंस्पेक्टर अजीत कुमार चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में तीन संदिग्ध ट्रैक्टरों को रोका गया। जांच में इनमें से दो वाहन पत्थर के चिप्स तथा एक ट्रैक्टर बालू लेकर जाते हुए पाया गया। वहीं, बिंदापाथर थाना क्षेत्र में भी बालू लदे एक अन्य ट्रैक्टर को पकड़ा गया। विभागीय टीम ने जब वाहन चालकों से खनिज परिवहन से जुड़े वैध कागजात और चालान की मांग की तो वे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।इसके बाद खनन विभाग ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में चारों वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। माइनिंग इंस्पेक्टर अजीत कुमार चौधरी ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश और जिला खनन पदाधिकारी के आदेश पर यह अभियान संचालित किया गया। खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकना विभाग की प्राथमिकता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह की कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। विभिन्न इलाकों में लगातार निगरानी और छापेमारी की जाएगी। बिना वैध परिवहन चालान के बालू, पत्थर और चिप्स की ढुलाई करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होगी। खनन विभाग की इस मुहिम से अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश तेज हो गई है।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट |