Date: 11/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 चोरों का आतंक, एस्बेस्टस तोड़कर किराना दुकान में घुसे चोर 16 हजार रुपये लेकर फरार

11/11/2026 3:17:35 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जामताड़ा : मिहिजाम थाना क्षेत्र में बढ़ते जुआ सट्टा बाजार से अब थाना क्षेत्र में चोरों की सक्रियता ने दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार की रात चोरों ने कांगोई स्थित विश्वकर्मा मंदिर मोड़ के पास एक किराना एवं गिफ्ट दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान की छत पर लगे एस्बेस्टस को तोड़कर अंदर दाखिल हुए अज्ञात चोर कैश काउंटर से करीब 16 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक दिनेश गुप्ता मंगलवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान की छत पर लगा एस्बेस्टस टूटा हुआ था। अनहोनी की आशंका होने पर जब उन्होंने दुकान के अंदर जाकर जांच की तो कैश काउंटर से नकदी गायब मिली। छानबीन के दौरान पता चला कि चोरों ने छत तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और करीब 16 हजार रुपये लेकर निकल गए।घटना के बाद दुकानदार ने इसकी सूचना मिहिजाम पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। दिनेश गुप्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉग स्क्वैड की मदद से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सर्दी के मौसम में रातें लंबी होने के साथ चोरी की घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि दुकानदारों और आम नागरिकों को चोरों के आतंक से राहत मिल सके।इस संबंध में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस जांच के बाद ही चोरी की इस वारदात से जुड़े तथ्यों और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट |