Date: 05/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रंजय सिंह हत्याकांड में फैसला टला, अगली तारीख का ऐलान नहीं
 

9/5/2026 2:31:41 PM IST

6
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: चर्चित रंजय सिंह हत्याकांड में शनिवार को होने वाला फैसला टल गया। धनबाद न्यायालय में आज मामले में फैसला सुनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन कोर्ट की ओर से फैसला नहीं सुनाया गया। फिलहाल अगली सुनवाई या फैसले की तारीख भी निर्धारित नहीं की गई है। बचाव पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता समर श्रीवास्तव ने इसकी जानकारी दी। दरअसल, 29 जनवरी 2017 को धनबाद के सरायढेला इलाके में रंजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें पूर्व मेयर संजीव सिंह का करीबी माना जाता था। हत्याकांड के बाद सिंह मेंशन और रघुकुल के बीच कथित राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई को लेकर भी चर्चाएं तेज हुई थीं। मामले में आरा निवासी नंदकुमार सिंह उर्फ मामा को मुख्य शूटर और हर्ष सिंह को आरोपी बनाया गया है। हर्ष सिंह फिलहाल जमानत पर हैं, जबकि नंदकुमार सिंह उर्फ मामा जेल में बंद है। पुलिस ने मामा के कथित इकबालिया बयान के आधार पर हर्ष सिंह को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए चार्जशीट दाखिल की थी। नंदकुमार सिंह उर्फ मामा वर्ष 2018 से जेल में बंद है। उसकी जमानत याचिकाएं हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक खारिज हो चुकी हैं। रंजय सिंह हत्याकांड को पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या से जुड़े आपराधिक घटनाक्रम की अहम कड़ी के तौर पर भी देखा जाता है। फैसले की संभावना को देखते हुए शनिवार को धनबाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कानून-व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। फैसला टलने के बाद अब सभी की नजरें अगली तारीख पर टिकी हैं। न्यायालय की ओर से अगली तारीख तय होने के बाद ही मामले में आगे की तस्वीर साफ होगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क