Date: 11/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गोमो में भीषण सड़क हादसा! ब्रेजा कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने जीटी रोड किया जाम
 

11/11/2026 3:17:35 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

धनबाद : जिले के गोमो में हरिहरपुर थाना क्षेत्र के पावापुर जीटी रोड पर  बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि बंगाल नंबर की ब्रेजा कार ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अन्य लोगों के भी घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, हादसे के बाद मृतक और घायलों को किस अस्पताल में ले जाया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पावापुर के समीप जीटी रोड को जाम कर दिया। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर हादसे के शिकार लोगों को कहां ले जाया गया है और घायलों का इलाज किस अस्पताल में चल रहा है? प्रशासन इस संबंध में स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दे रहा है ? ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने, घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने और दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि सड़क हादसे के बाद राहत और चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है? ग्रामीणों को आखिर अपने सवालों का जवाब कब मिलेगा ? फिलहाल खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों द्वारा अब भी सड़क जाम जारी है । पुलिस लोगों को समझाने में जुटी है |

 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क |