Date: 11/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ पर रेलवे का बड़ा इंतजाम, यात्रियों के लिए 1000 से ज्यादा कुर्सियां और टेंट
 

11/11/2026 3:17:35 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि बिहार, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे प्रशासन की ओर से टाटानगर से बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के लिए तीन छठ स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच यानी बोगियां भी लगाई गई हैं, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराने और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने में मदद मिल सके। वहीं, टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे विभाग की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने के दौरान बैठने और आराम करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए 1000 से अधिक कुर्सियां और टेंट लगाए गए हैं। इससे ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।छठ पूजा के मद्देनजर रेलवे की तैयारियों और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा के लिए डीआरएम तरुण हुरिया ने रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में यात्रियों की सुविधा, ट्रेनों के परिचालन और स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। डीआरएम ने अधिकारियों से तमाम इंतजामों की समीक्षा करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक रेल यात्रा की सुविधा मिल सके और उन्हें अपने घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |