Date: 15/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ पूजा को लेकर सिटी एसपी महोदय ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

11/14/2026 12:46:21 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। छठ पूजा के मद्देनजर शनिवार को सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा इंतजाम एवं यातायात व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों पर साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग पर लोगों को रोकने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया। साथ ही छठ घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया। सिटी एसपी महोदय ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभागों एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली गई है ताकि श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में आस्था के इस महापर्व को मना सकें। निरीक्षण के दौरान डीएसपी विधि व्यवस्था श्री प्रकाश सोय सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क |