Date: 17/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जिस घाट पर गूंज रहे थे छठी मईया के गीत, वहीं पसरा मातम; छह साल की बच्ची की गई जान।

11/16/2026 3:38:00 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Giridih : गिरिडीह: लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियां सोमवार की सुबह उस वक्त मातम में बदल गईं, जब अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पुतरिया गांव स्थित पोखरिया तालाब में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान मंटू वर्मा की पुत्री करिश्मा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। छठ घाट पर उमड़ी थी श्रद्धालुओं की भीड़, तभी हुआ हादसा मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पोखरिया तालाब पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान करिश्मा को तालाब में नहलाने के बाद पानी से निकालकर किनारे लाया गया था। दोबारा तालाब में जाने की किसी को नहीं लगी भनक बताया जाता है कि कुछ देर बाद बच्ची दोबारा तालाब के पानी में कब चली गई, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। जब परिजन घर पहुंचे तो करिश्मा वहां नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उसकी तलाश शुरू की गई।

 

 

गिरिडीह से कोयलांचल लाइव के लिए नरेश गोस्वामी की रिपोर्ट