Date: 20/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बच्चे की मौत का खौफनाक बदला, महिला को डायन बताकर मार डाला
 

11/19/2026 1:12:03 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamui  : जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के थमहन गांव में बच्चे की मौत के बाद डायन के शक में एक महिला की हत्या कर दी गई, और फिर दोनों के शव को एक ही गड्ढे में दफना दिया गया। बताया जा रहा है कि श्रवण मिस्त्री के 9 वर्षीय बेटे शिवम कुमार की लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई थी। इलाज पटना और जमुई में चल रहा था। बेटे की मौत से गुस्साए परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने गांव की ही कुसुम देवी उर्फ दया देवी पर डायन होने का आरोप लगा दिया। इसके बाद मंगलवार देर रात महिला की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपियों ने बच्चे और महिला, दोनों के शव को गांव के नदी के पास एक ही गड्ढे में दफना दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस हरकत में आई और पुलिस ने गड्ढे से दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। इस मामले में मृतका के परिजनों के आवेदन पर चरकापत्थर थाना में एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार शाम झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर घटना और गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अंधविश्वास के नाम पर हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
 
जमुई से कोयलांचल लाइव के लिए पुरुषोत्तम कुमार की रिपोर्ट |