Date: 20/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अपराधियों का तांडव, जदयू नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

11/19/2026 1:20:06 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा गांव में बेखौफ अपराधियों ने जदयू नेता के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
 दरअसल, पूरी घटना हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा गांव की है, जहां देर रात अपराधियों ने जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ बबलू झा के घर पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने उनके घर को निशाना बनाकर फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद जदयू नेता राजीव रंजन ने मोबाइल फोन के माध्यम से हवेली खड़गपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने मौके से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कारतूस का खोखा बरामद किया। इस मामले में हवेली खड़गपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभय कुमार ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जदयू नेता के घर को निशाना बनाकर गोलीबारी करने के पीछे अपराधियों की मंशा क्या थी ? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।    
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट |