Date: 22/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रांची में एक लाख की पूंजी बनाम 375 करोड़ की खरीदारी......

11/22/2026 1:44:39 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
रांची : एक तरफ कंपनी की पूंजी महज एक लाख रुपये और दूसरी तरफ 375 करोड़ रुपये की संपत्ति की खरीदारी! रांची के चर्चित न्यूक्लियस मॉल का सौदा अब कई बड़े सवालों के घेरे में है। आखिर एक लाख रुपये की अधिकृत और चुकता पूंजी वाली कंपनी ने 375 करोड़ रुपये की इतनी बड़ी डील कैसे कर ली? इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसके पीछे कौन-कौन से वित्तीय स्रोत हैं? यही वे सवाल हैं, जिन पर अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की नजर है। मॉल खरीदने वाली कंपनी VA Discreet Pvt Ltd की आर्थिक क्षमता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच इस सौदे को भी जांच के दायरे में शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है। दरअसल, राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल को VA Discreet Pvt Ltd ने 375 करोड़ रुपये में खरीदा है। इस सौदे में मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल का नाम सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, मॉल की रजिस्ट्री कंपनी के निदेशक विवेक कुमार सिंह के नाम पर कराई गई है। कंपनी के निदेशक के रूप में विवेक कुमार सिंह और आरती सिंह के नाम दर्ज हैं। लेकिन इस पूरी डील में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात कंपनी की आर्थिक स्थिति है। बताया जा रहा है कि VA Discreet Pvt Ltd की अधिकृत पूंजी यानी Authorised Capital और चुकता पूंजी यानी Paid-up Capital महज एक-एक लाख रुपये है। ऐसे में इतनी कम पूंजी वाली कंपनी का 375 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीदना जांच का अहम विषय बन गया है। सवाल सिर्फ मॉल खरीदने का नहीं, बल्कि उस रकम के स्रोत का है, जिससे इतनी बड़ी संपत्ति का सौदा पूरा हुआ। इस खरीदारी में रजिस्ट्री शुल्क भी काफी चर्चा में है। जानकारी के अनुसार, 375 करोड़ रुपये के इस सौदे पर 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क जमा किया गया है। यानी सिर्फ रजिस्ट्री से जुड़े शुल्क के रूप में 26.25 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में जमा हुए हैं। यह आंकड़ा भी इस सौदे की विशालता को दर्शाता है। अब ईडी की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा सकती है कि कंपनी ने 375 करोड़ रुपये की व्यवस्था किन स्रोतों से की? क्या रकम कंपनी के अपने संसाधनों से जुटाई गई या इसके पीछे किसी अन्य निवेश अथवा वित्तीय व्यवस्था की भूमिका है? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। गौरतलब है कि न्यूक्लियस मॉल रांची के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल है। करीब 1.59 एकड़ जमीन पर बने इस आठ मंजिला मॉल में 88 दुकानें और 29 कियोस्क हैं। इसका निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था। मॉल का कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 3.5 लाख वर्गफीट और ग्रॉस लीजेबल एरिया लगभग तीन लाख वर्गफीट है। 12 फरवरी 2017 से यहां व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक लाख रुपये की पूंजी वाली कंपनी ने 375 करोड़ रुपये का न्यूक्लियस मॉल कैसे खरीद लिया? इस रकम का स्रोत क्या है और जांच में कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं? अब निगाहें ईडी की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। इस पूरे सौदे को कोयलांचल लाइव ने भी प्रमुखता से उठाया था और 375 करोड़ रुपये की खरीदारी से जुड़े तमाम पहलुओं को विस्तार से प्रसारित किया था। अब इस मामले में ईडी की जांच का पहलू सामने आने के बाद एक बार फिर यह सौदा चर्चा के केंद्र में है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क ।