Date: 22/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 धनबाद में मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ यूथ कांग्रेस का पोस्टर वार, आरएसएस की ड्रेस में दिखाए गए जुकरबर्ग, पोस्टर से गरमाई सियासत

11/22/2026 1:44:39 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :  धनबाद में अब सोशल मीडिया की लड़ाई सड़क पर उतर आई है। रणधीर वर्मा चौक के नजदीक झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस ने एक बड़ा पोस्टर लगाकर मेटा और उसके संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पोस्टर पर मार्क जुकरबर्ग की तस्वीर को आरएसएस की ड्रेस में दर्शाते हुए उन्हें 'मार्क बीजेपी बर्ग' बताया गया है। इतना ही नहीं, पोस्टर पर 'मेटा बीजेपी का बेटा' लिखकर सीधे तौर पर मेटा पर बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया गया है। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किया जाना अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है। इस पूरे मामले पर प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। पोस्टरबाजी के बाद धनबाद का सियासी पारा चढ़ गया है। धनबाद का रणधीर वर्मा चौक और यहां लगा एक ऐसा पोस्टर, जिसने जिले की सियासत में हलचल मचा दी है। झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस की ओर से लगाए गए इस बड़े पोस्टर में मेटा के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग को निशाने पर लिया गया है। पोस्टर पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है  'मार्क बीजेपी बर्ग' और उसके ठीक नीचे लिखा है 'मेटा बीजेपी का बेटा'। इतना ही नहीं, मार्क जुकरबर्ग को आरएसएस की शाखा से जुड़े सदस्यों की तरह पहनी जाने वाली ड्रेस में भी दर्शाया गया है। इस पोस्टर के जरिए यूथ कांग्रेस ने मेटा पर बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया है। दरअसल, इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए जाने को लेकर कांग्रेस में नाराजगी है। इसी मुद्दे पर झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने एक वीडियो जारी कर मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कुमार गौरव ने कहा कि आखिर आजाद भारत में क्या उन्हें अपनी बात रखने का भी अधिकार नहीं है? लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस गांधीजी को मानने वाली है, लेकिन सुभाष चंद्र बोस के विचारों को भी सम्मान देती है। कुमार गौरव ने मेटा पर निशाना साधते हुए कहा कि मेटा अब मेटा नहीं, बल्कि बीजेपी का बेटा हो गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह भारत बीजेपी की कोई डिजिटल कॉलोनी नहीं है, बल्कि संविधान से चलने वाला देश है, जहां हर किसी को अपनी बात रखने और विरोध करने का अधिकार है।  इस तरह रणधीर वर्मा चौक पर लगाए गए पोस्टर के जरिए यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा के खिलाफ अपना राजनीतिक विरोध दर्ज कराया है। पोस्टरबाजी ने धनबाद में नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। अब सबकी निगाहें बीजेपी की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं कि इस पोस्टर वार का जवाब भाजपा किस अंदाज में देती है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क |