Date: 25/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अब डिजिटल और सुरक्षित होंगे पुलिस के पुराने रिकॉर्ड, धनबाद में बना आधुनिक रिकॉर्ड रूम!

11/25/2026 2:09:00 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद पुलिस अब अपने पुराने दस्तावेजों और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक व्यवस्था से लैस हो गई है। बुधवार को बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा धनबाद पहुंचे, जहां उन्होंने समाहरणालय परिसर स्थित आधुनिक रिकॉर्ड रूम का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान जिला पुलिस बल की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। IG ने इस पहल को पुलिस विभाग के कामकाज को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। आधुनिक रिकॉर्ड रूम के उद्घाटन के मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. याकूब मोहम्मद समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड रूम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। किसी भी मामले की जांच, उसके निष्पादन और विभागीय कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने में इसकी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि एसएसपी प्रभात कुमार के प्रयास से धनबाद के रिकॉर्ड रूम को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखना और जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराना है। IG ने यह भी बताया कि फिलहाल पूरे झारखंड में इस तरह की आधुनिक सुविधा धनबाद में उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में धनबाद में बेहतर पुलिसिंग के साथ-साथ पुलिस विभाग के कार्यालयों की कार्यप्रणाली और सुविधाओं में भी कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क