Date: 26/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

CSIR-NML का 77वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना, राज्यपाल संतोष गंगवार ने वैज्ञानिकों को दिया आत्मनिर्भर भारत का मंत्र!

11/26/2026 12:59:53 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर स्थित CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (NML) का 77वां स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संस्थान की वैज्ञानिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वदेशी तकनीक और नवाचार के दम पर ही भारत वैश्विक शक्ति बन सकता है। राज्यपाल ने कहा कि CSIR-NML ने पिछले सात दशकों से अधिक समय में खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में इस प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान की मौजूदगी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज देश में सेमीकंडक्टर, रक्षा उपकरण और आधुनिक उद्योगों के लिए विशेष धातुओं और सामग्रियों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में स्वदेशी तकनीक का विकास और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग बेहद जरूरी है। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि 'जय विज्ञान, जय अनुसंधान' का मंत्र देश के वैज्ञानिकों को नई खोज और नवाचार के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने युवा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों से बड़े सपने देखने, नए विचारों के साथ अनुसंधान करने और देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि CSIR-NML आने वाले दिनों में अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। साथ ही यहां विकसित तकनीकों से देश के औद्योगिक विकास को नई मजबूती मिलेगी।
 
 

जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट