Date: 28/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भीड़ की जिद से परेशान पुलिस अधिकारी ने उतारनी शुरू की वर्दी! धनबाद में सड़क हादसे के बाद हाईवोल्टेज ड्रामा..

11/27/2026 12:37:30 PM IST

53
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में सड़क हादसे के बाद पुलिस को ही लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मामला बलियापुर थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित DAV स्कूल के पास का है, जहां ट्रक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी ट्रक के नीचे आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि स्कूटी चालक की जान बच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बलियापुर थाना के SI अनिल कुमार पुलिस गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद उन्होंने दोनों वाहनों को थाने ले जाकर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही। लेकिन पुलिस की इस प्रक्रिया पर ही मौके पर मौजूद कुछ लोग विरोध करने लगे। लोगों की मांग थी कि क्षतिग्रस्त स्कूटी के बदले उन्हें नई स्कूटी दी जाए। SI अनिल कुमार लगातार लोगों को समझाते रहे कि दुर्घटना के मामले में पुलिस कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी। लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे और पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं हुए। आखिरकार, लगातार विरोध से परेशान ASI अनिल कुमार का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने मौके पर ही अपनी वर्दी उतारनी शुरू कर दी और नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब आप लोग ही कानून अपने हाथ में लेना चाहते हैं, तो लीजिए, मैं अपनी वर्दी उतारकर दे रहा हूं, आप ही कार्रवाई कर लीजिए। SI का यह कदम मौके पर चर्चा का विषय बन गया। सवाल यह है कि जब पुलिस दुर्घटना के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करने पहुंची थी, तो उसे अपना काम करने से रोका क्यों जा रहा था? आखिर सड़क हादसे के बाद मुआवजे या नुकसान की भरपाई का फैसला भीड़ के दबाव से होगा या कानून के मुताबिक| फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सड़क दुर्घटनाओं के बाद विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए, न कि विरोध और दबाव के जरिए।
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क