Date: 08/03/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

साइबर ठगी गिरोह का सदस्य  एक सदस्य को पुलिस ने दबोचा, ठगी के ऐसे खुले राज ...

3/7/2026 6:16:27 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara :भोजपुर पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। म्यूल बैंक अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी के पास से 02 मोबाइल, 14 सिम कार्ड और 05 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार 05 फरवरी को आरा नगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मोबाइल की जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई अहम साक्ष्य मिले, जिसके बाद दोनों को आगे की पूछताछ के लिए भोजपुर साइबर थाना लाया गया। पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान रोहित कुमार (पिता- भोला साह, निवासी- बिबिगंज, थाना उदवंतनगर) और मोहित कुमार (पिता- राजेश कुमार सिंह, निवासी- मसाढ़, थाना उदवंतनगर) के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनकी मुलाकात अभिषेक कुमार  के माध्यम से सूरज सिंह राजपूत (निवासी ज्ञानपुर सेमरिया, थाना बड़हरा) से हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि सूरज सिंह राजपूत द्वारा बालू घाट में लेन-देन के नाम पर बैंक अकाउंट की जरूरत बताई जाती थी और हर बैंक अकाउंट के बदले 3 हजार रुपये देने की बात कही जाती थी। इसके बाद रोहित और मोहित अलग-अलग लोगों के नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाते थे और पासबुक व एटीएम कार्ड सूरज को सौंप देते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था, जिसमें से कुछ पैसे अकाउंट धारकों को दिए जाते थे और बाकी अपने पास रख लेते थे। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि बैंक कर्मी सुमन सौरभ चौहान (निवासी देवरिया, थाना कोइलवर) भी इस नेटवर्क में शामिल था, जो बैंक अकाउंट खुलवाने और फ्रीज अकाउंट को अनफ्रीज कराने में मदद करता था और इसके बदले कमीशन लेता था। पुलिस के अनुसार इन बैंक अकाउंट का इस्तेमाल साइबर ठगी की राशि मंगाने के लिए किया जाता था। इस मामले में भोजपुर साइबर थाना में कांड संख्या 11/26, दिनांक 05.02.2026 के तहत धारा 318(4)/319(2) BNS एवं 66(C)/66(D) आईटी एक्ट 2000 के तहत मामला दर्ज कर पहले दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।इसी कांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज कुमार (पिता- अर्जुन सिंह, निवासी- ज्ञानपुर, जिला भोजपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट