Date: 21/04/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

कतरास राजबाड़ी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, लाखों का नुकसान
 

4/21/2026 5:40:04 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghmara : कतरास थाना क्षेत्र स्थित राजबाड़ी ग्वाला पार्टी में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक घर को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, हालांकि संकरी और अतिक्रमित सड़कों के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दो दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में पीड़ित परिवार का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे फर्नीचर, कपड़े और जरूरी सामान पूरी तरह जल गए, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। विधायक ने तत्काल बाघमारा अंचल अधिकारी को फोन कर मामले की जानकारी दी और आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का निर्देश दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण होने की वजह से दमकल की गाड़ियों को समय पर पहुंचने में दिक्कत हुई, जिससे आग और फैल गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण और बिजली व्यवस्था की खामियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ की रिपोर्ट