Date: 17/05/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पॉलिटेक्निक परीक्षा के बाद जंक्शन पर उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी 
 

5/17/2026 6:33:22 PM IST

53
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा: रविवार को आरा मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंदों पर आयोजित पॉलिटेक्निक परीक्षा को लेकर शहर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ से गुलजार रहा। परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न  जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे थे। अधिकांश परीक्षार्थी शनिवार की रात से ही ट्रेनों के माध्यम से आरा पहुंच रहे थे, जिसके कारण देर रात से ही रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ने लगी थी। परीक्षा समाप्त होते ही शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी और कुछ ही देर में आरा रेलवे जंक्शन पूरी तरह छात्रों से भर गया। प्लेटफार्मों पर लगभग हर तरफ सिर्फ परीक्षार्थियों का सैलाब देखने को मिला। डाउन लाइन से आने वाली ट्रेनों में इतनी भीड़ थी कि छात्र दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर दिखे। कई ट्रेनों में सामान्य और जनरल कोच क्षमता से कई गुना अधिक भरे हुए थे आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी और जवान प्लेटफॉर्म पर लगातार गश्त करते दिखे। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ छात्रों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने-उतरने में सहयोग किया। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण जंक्शन परिसर में अफरातफरी जैसी स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस और रेल सुरक्षा बल की तत्परता से किसी तरह की अप्रिय घटना टल गई। परीक्षा समाप्ति के बाद देर शाम तक आरा जंक्शन परीक्षार्थियों की आवाजाही से पूरी तरह व्यस्त रहा। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष की रिपोर्ट