Date: 24/08/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

आवास योजना में रिश्वतखोरी का खेल बेनकाब, 10 हजार लेते आवास सहायक गिरफ्तार

6/4/2026 12:02:08 PM IST

98
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : नवादा जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। मेसकौर प्रखंड में कार्यरत आवास सहायक धीरू कुमार चौधरी को निगरानी विभाग की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, मेसकौर निवासी धनंजय कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त जारी करने के बदले आवास सहायक द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पटना से पहुंची विशेष टीम ने जाल बिछाया। इसके बाद मेसकौर प्रखंड कार्यालय के बाहर धीरू कुमार चौधरी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को लेकर गया स्थित सर्किट हाउस पहुंची, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई और मेडिकल जांच भी कराई गई। निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है और सरकारी कर्मचारियों में भी संदेश गया है कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट