Date: 24/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 सड़क हादसे के बाद बवाल, मुआवजे की मांग पर जाम, पुलिस पर पथराव में तीन घायल

6/23/2026 12:12:18 PM IST

29
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : दुर्घटना में एक युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस के समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और बाद में उग्र होकर पुलिस पर पथराव कर दिया। करीब आधे घंटे तक रुक-रुक कर हुए पथराव में गोविंदपुर थाना के निजी चालक, क्यूआरटी जवान सुग्रीव यादव समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस ने मौके से पांच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, घोड़ाबांधा निवासी सुखदेव गोराई (43) और काली दास राजवाड़ (62) बाइक से एनएच की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुर से राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर जा रहे एक हाईवा ने चाटापातर चौक के पास उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सुखदेव गोराई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि काली दास गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को घोड़ाबांधा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुखदेव को मृत घोषित कर दिया। घायल काली दास को बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने 25 लाख रुपये मुआवजा तथा हाईवा मालिक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना पर गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार, बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार तथा गोलमुरी यातायात थाना प्रभारी सरयू आनंद पुलिस बल के साथ पहुंचे लेकिन प्रदर्शनकारी वार्ता के लिए तैयार नहीं हुए। इसी दौरान उग्र भीड़ ने हाईवा में तोड़फोड़ की इसके बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। करीब पांच घंटे तक क्षेत्र में हंगामा और सड़क जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यातायात भी प्रभावित रहा।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट