Date: 27/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शव नहीं देने पर हुआ हंगामा, परिजनों ने लगाया गलत इलाज का आरोप

6/26/2026 1:55:52 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद थाना क्षेत्र के बरटांड़ स्थित जलान अस्पताल में शुक्रवार को मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि बकाया बिल जमा नहीं करने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने शव देने से इनकार कर दिया। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, गिरिडीह निवासी मिथलेश पासवान 20 जून को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जलान अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का कहना है कि इलाज में करीब चार लाख रुपये खर्च हो चुके थे, इसके बावजूद अस्पताल की ओर से 50 हजार रुपये बकाया जमा करने के बाद ही शव सौंपने की बात कही जा रही थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज को हृदय संबंधी कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन किसी दूसरे मरीज की रिपोर्ट के आधार पर गलत इलाज किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, अस्पताल के डॉ. सी राजन चिकित्सक ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में मरीज के सिर में गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान संक्रमण बढ़ने के कारण मरीज की मौत हुई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, हंगामे की सूचना पर पुलिस को बुलाया गया और शव पुलिस को सौंप दिया गया। धनबाद थाना के प्रेमानंद एएसआई ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क