Date: 28/06/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

केबल लूट का विरोध करना पड़ा भारी, बीसीसीएल कर्मी को अपराधियों ने मारी गोली

6/27/2026 11:56:53 AM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के बाघमारा में अपराधियों के हौसले बुलंद होते दिखाई पड़ रहे हैं। सोनारडीह ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर केबल चोरी का विरोध करने पर बीसीसीएल कर्मी को गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बोकारो-धनबाद एनएच-32 किनारे स्थित बीसीसीएल एरिया-03 के समरसेबल पंप पर रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे पंप ऑपरेटर उमेश रविदास पर शुक्रवार देर रात करीब दो बजे आधा दर्जन अपराधियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि अपराधी केबल लूटने पहुंचे थे। जब उमेश रविदास ने विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उमेश रविदास के दाहिने पैर में लगी और पैर को आर-पार कर गई। शोर मचाने पर अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल कर्मी ने अपने साथियों को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए सेंट्रल हॉस्पिटल धनबाद रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश की जा रही है। बाघमारा सहित पूरे झारखंड में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। जब थाना से कुछ ही दूरी पर इस तरह की वारदात हो रही है, तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे? दो महीने पहले भी इसी इलाके में शुभम यादव की हत्या हुई थी, लेकिन आज तक पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि समरसेबल पंप से केबल चोरी की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशी नाथ की रिपोर्ट